You are currently viewing वो लड़कियां

वो लड़कियां

लड़कियों के दो घर होते हैं
यह सब जानते हैं
पर लड़कियां?

पर लड़कियां जानती हैं घर का मर जाना
जब वे कर लेती हैं प्रेम-विवाह

प्रेम ईश्वर की नेमत है
यह सब जानते हैं
पर लड़कियां?

पर लड़कियां जानती हैं अभिशाप
जब दिनदहाड़े मार दिया जाता है उनका प्यार

दुनिया बहुत बड़ी है
यह सब जानते हैं
पर लड़कियां?

पर लड़कियां जानती हैं दुनिया का सिकुड़ना
जब उन्हें बेदखल किया जाता है घर से

कोई याद आता है तो लोग पूछते हैं उसे
यह सब जानते हैं
पर लड़कियां?

पर लड़कियां याद करते-करते नईहर
आंखें मिचते चली जाती हैं रसोईघर में

और उधर मां को आती है हिचकियां
वह पानी ढूंढ़ने जाती है रसोईघर में
जहां मां-बेटी रोज मिलते हैं

यह सब नहीं जानते हैं


-राग रामेश्वर